यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेजी के साथ प्रारंभ हो गई हैं। राजकीय इंटर कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू हो गया है। 24 मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में 76 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। शनिवार तक 45 केंद्रों के लिए 60 फीसदी उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्रों पर भेजी जा चुकी हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश चिकारा ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं। इस बार हाईस्कूल में 27300 परीक्षार्थी, इंटर में 25052 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जनपद में 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जा रहा है। केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कराई जा रही हैं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। परीक्षा के दौरान निरीक्षण के लिए उड़नदस्तों का गठन किया गया है।