यह है मामला
घटना नौगांवा सादात थानाक्षेत्र यहियापुर चौराहे से 200 मीटर दूर जंगल की है। यहीं पर पुलिस पिकेट लगती है। मंगलवार की सुबह स्थानीय लोग खेतों के लिए निकले तो उन्होंने यूकेलिप्टस के नीचे झाड़ियों में दो बड़े कपड़े के थैले पड़े दिखे। थैलों के आसपास पक्षी मंडरा रहे थे।
दुर्गंध आने के बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस पिकेट को दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर जाकर देखा तो दो थैलों में महिला के शव के छह टुकड़े थे। महिला ने सलवार और कुर्ता पहन रखा था। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पास में ही कपड़ों से भरा थैला भी पड़ा था।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज तोमर पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों से पूछताछ करने के साथ ही शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सीओ अंजलि कटारिया ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महिला की उम्र करीब तीस साल है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस की चार टीमें खंगाल रही हैं सीसीटीवी फुटेज
महिला का टुकड़ों में शव मिलने के मामले में खुलासे के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं। इसमें चार टीमें सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रहीं हैं। एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि महिला का चेहरे के आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आठ अलग-अलग टीमें शिनाख्त के लिए लगाई गईं हैं। बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक महिला की शिनाख्त करने के लिए जनपद पुलिस ने बरेली जोन के सभी थानों में महिला के चेहरे को फोटो भेजी हैं। गुमशुदगी भी चेक कराई जा रही है।