अमरोहा में बाइक से जान जोखिम में डाल स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक हवा में बाइक को उछालते हुए हाईवे पर उसे चला रहा है। उसके आसपास अन्य लोग भी वाहन चला रहे हैं। स्टंटबाज ने हेलमेट भी नहीं लगाया है। पुलिस को उसकी तलाश है।
अमरोहा जिले में स्टंटबाजी के मामले में लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब हसनपुर-संभल मार्ग पर एक युवक का चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। रील बनाने के चक्कर में युवक अपनी जान जोखिम में डालकर स्टंट बाजी की।
विज्ञापन
पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी है। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हसनपुर-संभल मार्ग पर गांव कालखेड़ा के नजदीक का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्टेट हाईवे पर अलग-अलग छह बाइक एक साथ चल रही है।
पांच बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए हैं। एक युवक बिना हेलमेट लगाए बीच में बाइक चला रहा है। वह चलती बाइक पर अगला पहिया उठाकर खतरनाक स्टंट कर रहा है। खतरनाक स्टंट कर वह यातायात नियमों की भी धज्जियां उड़ा रहा है।
पुलिस कार्रवाई के बाद भी युवाओं में खतरनाक स्टंट करने का क्रेज नहीं थम रहा है। युवक रील बनाकर फॉलोवर्स बढ़ाने के चक्कर में अपनी जान दांव पर लगाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी दीप कुमार पंत का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।