जिले में तेंदुए की आहट बरकरार
रजबपुर क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक बरकरार है। अब तेंदुए ने मंगूपुरा गांव के जंगल में बकरी को मार डाला। ग्रामीणों ने बकरी के अवशेष पड़े देख तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। तेंदुए को लेकर जिलेभर के ग्रामीणों में दहशत है।
वन विभाग के अधिकारी तेंदुए को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं, क्षेत्र में ही एक तेंदुए का जोड़ा भी देखने की बात सामने आई है, जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। अमरोहा जिले में पिछले कई महीनों से तेंदुए की आहट बरकरार है। आए दिन तेंदुआ अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दे रहा है।
जिले में तेंदुए के घूमते दिखाई देने के कई वीडियो सामने आए है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। हालांकि, वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए हैं। अब रजबपुर थाना क्षेत्र के मंगूपुरा गांव के जंगल में तेंदुए ने बकरी को निवाला बना लिया। गांव निवासी शुभम का बकरी फार्म है।
बृहस्पतिवार रात तेंदुआ एक बकरी को उठाकर ले गया। शुक्रवार सुबह बकरी को तलाश किया, तो थोड़ी दूर पर बकरी के अवशेष पड़े मिले। खेत में तेंदुए के पंजे के निशान बने थे। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंची।