हसनपुर और धनौरा में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना बुखार से किसी ना किसी व्यक्ति की मौत हो रही है। हसनपुर के गांव ढक्का में किसान सत्तार (50) तो गांव हुसैनपुर में अजीत के पुत्र सक्षम (5) की बुखार से मौत हो गई।
मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव पतेई एमन निवासी ग्रामीण करतार सिंह की बुखार से मौत से परिवार के लोगों का बुरा हाल है। उधर, पिता की तबीयत नाजुक होने की जानकारी मिलने पर बड़ा व मझला बेटा छुट्टी लेकर गांव आ गए थे।
सबसे छोटे बेटे कोशिंदर भाटी की पोस्टिंग श्रीनगर के गुरेज सेक्टर में हैं। छुट्टी नहीं मिलने की वजह से वह अपने पिता की मौत पर अंतिम दर्शन के लिए गांव नहीं आ सका। परिजनों ने मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
अमरोहा जिले बुखार के साथ डेंगू का असर कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल 18 डेंगू आशंकित पहुंचे थे। जिनका रेपिड टेस्ट कराया गया। जांच में आठ मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। उनकी एलाइजा जांच की जा रही है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार के 48 मरीज भर्ती थे। वहीं, 1237 मरीजों की ओपीडी हुई। जिसमें 127 मरीज बुखार के निकले। जिन्हें दवाई देकर भेज दिया गया।