अमरोहा। आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण करने में एक बार फिर अमरोहा पुलिस को प्रदेश स्तर की रैंकिंग में पहला स्थान मिला है। इससे पहले जून, जुलाई और अगस्त माह में भी जनपद पुलिस पहले स्थान पर रही थी। लगातार चौथे महीने कामयाबी मिलने पर एसपी ने संबंधित पुलिस कर्मियों को बधाई दी है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों को जनपद अमरोहा पुलिस ने समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारित किया। जिसके चलते प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अमरोहा को माह सितंबर 2023 में प्रदेश स्तर पर जारी की गई रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।एसपी ने कहा कि शाखा में नियुक्त निरीक्षक अमर सिंह, आरक्षी सारुल चौहान, आरक्षी प्रशांत चौहान व आरक्षी रीना ढाका द्वारा लगन और निष्ठा से कार्य किया है।
-
जिले की तीन तहसीलों ने पाया पहला स्थान
जिले की अमरोहा, नौगांवा सादात और हसनपुर तहसील भी प्रदेश में आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में पहले स्थान पर रही हैं। डीएम राजेश त्यागी ने बताया कि लगातार जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रशासनिक टीम अलर्ट रहती है। इसी का नतीजा है कि तीनों तहसीलों ने पहला स्थान पाया है।
-