तेंदुआ कुएं से निकाले जाने के बाद और पहले (फोटो बाएं से दाएं)
- फोटो : अमर उजाला
अमरोहा के हसनपुर के वंशीवाला मेहरपुर गांव के जंगल में कुए में गिरे तेंदुए को टीम ने 32 घंटे तक रेस्क्यू के बाद बाहर निकाल लिया है। सोमवार की शाम को ट्रेंकुलाइजेशन गन के दो शॉट लगने के बाद भी तेंदुआ बेहोश नहीं हो पाया था। जिसके बाद टीम ने मंगलवार सुबह फिर से ट्रेंकुलाइजेशन गन शॉट देकर उसे बेहोश किया। फिलहाल रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को कुएं से बाहर निकाल कर पिंजरे में बंद किया।इसके बाद तेंदुए को टाइगर रिजर्व अमानगढ़ में छोड़ दिया गया है।
यह मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र वंशीवाला मेहरपुर गांव का है। यहां रहने वाला किसान ओमपाल सिंह रविवार की रात करीब 11 बजे अपने खेत से घर लौट रहा था। जैसे ही उसने रास्ते में टॉर्च जलाई तो रास्ते में तेंदुआ खड़ा हुआ था। अचानक आंखों पर टॉर्च की रोशनी पड़ने के बाद तेंदुए ने खेत में छलांग लगा दी, तभी अचानक तेंदुआ कुएं में जा गिरा था।
घर पहुंचे किसान ओमपाल ने मामले की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही सोमवार की सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे दिन टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम द्वारा तेंदुए को बेहोश कर बाहर निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
दो बार ट्रेंकुलाइजेशन गन शॉर्ट लगने से भी तेंदुआ बेहोश नहीं हो पाया था। देर रात तक विफलता मिलने के बाद टीम ने कुएं को जाल से ढंक दिया था और वन विभाग टीम तैनात कर दी गई। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब सात बजे टीम फिर मौके पर पहुंची और तेंदुए को बेहोश कर बाहर निकाल लिया गया। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल ने बताया कि तेंदुए को कुए से बाहर निकाल निकाल कर अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में छोड़ दिया गया है। परीक्षण के दौरान तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है।