फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: कान्हा के रंग में रंगा अमरोहा, चहुंओर गूंजा राधे-राधे

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा के चलते शनिवार को पूरा अमरोहा कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर चहुंओर राधे-राधे के जयकारे गूंजते रहे। प्रसिद्ध बैंडों की मधुर धुनों पर बजते भक्ति गीतों से वातावरण कृष्णमय हो गया। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां और बाल गोपाल के सजे डोले श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। बारिश के कारण सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
विज्ञापन

श्री धार्मिक रामडोल कमेटी की ओर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ रियासत वाले मंदिर पर महाआरती के बाद हुआ। इसके बाद शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई देर रात पनवाड़ी स्थित यादव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। सबसे आगे गजराज शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे आकर्षक झांकियों और डोलों का काफिला चल रहा था। बाल गोपाल के सुंदर डोलों के आगे युवा डीजे की धुनों पर झूमते हुए चल रहे थे।
स्थानीय झांकियों के साथ विभिन्न राज्यों से आई झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इनमें उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक की संस्कृति और सभ्यता की झलक दिखाई दी। शोभायात्रा के दर्शन के लिए शहर के साथ ही गांव-देहात से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। बारिश और जलभराव के बीच भी देर रात तक श्रद्धालु शोभायात्रा के दर्शन के लिए डटे रहे और पूरा शहर राधे-राधे के जयकारों से गूंजता रहा।
विज्ञापन



महाआरती में जुटीं शहर की प्रमुख हस्तियां
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा निकलने से पहले शनिवार सुबह मोहल्ला कोट स्थित रियासत वाले मंदिर में श्रीराधा-कृष्ण की महाआरती हुई। सुबह दस बजे पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, नगर पालिका चेयरमैन शशि जैन, डीएम डॉ. नितिन गौड़, एसपी लखन सिंह यादव और एडीएम गरिमा सिंह, तीव्र गुप्ता, सचिन चौधरी ने राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती की। इसके बाद मंदिर से रामडोल शोभायात्रा के डोले निकलना शुरू हुए। महाआरती के दौरान श्री धार्मिक रामडोल कमेटी के अध्यक्ष कपिल शर्मा समेत अजय चतुर्वेदी, कुंवर विनीत अग्रवाल, विशाल गोयल, अजय प्रकाश अग्रवाल, विवेक शर्मा, पंकज जिंदल, रिशु दीक्षित, मुदित अग्रवाल, दीपक बंसल, नितांश शर्मा, अर्पण कौशल, अमित रस्तोगी, वरुण माहेश्वरी, मयंक शर्मा, वासु दीक्षित, संजय गर्ग, पंडित मनु शर्मा और पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने नंगे पैर खींचा कान्हा का डोला
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला। कई मंदिरों के डोलों को श्रद्धालु नंगे पैर खींचते हुए आगे बढ़े। उन्होंने शोभायात्रा की शुरुआत से लेकर समापन तक चप्पल नहीं पहनी। रास्ते में कंकड़-पत्थरों से कई श्रद्धालुओं के पैरों में छाले तक पड़ गए, लेकिन उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

पुलिस व्यवस्था रही चौकस
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा को लेकर शहर में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पूरे शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो प्लाटून पीएसी के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। एएसपी और सीओ भी लगातार व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मुख्य चौराहों से ही बाइक और चौपहिया वाहनों को शोभायात्रा मार्ग की ओर जाने से रोक दिया गया। इससे जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही। इंस्पेक्टर सुशील कुमार पुलिसकर्मियों के साथ शोभायात्रा के आगे चलते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

महादेव के तांडव ने मन मोहा
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान शिव का अघोरी रूप में तांडव नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। खाटू श्याम की झांकी, राधा-कृष्ण, हनुमान, शिव-गौरा पार्वती की झांकी रहीं। बरसाना की लठमार होली की प्रस्तुति लेकर आए मथुरा के कलाकारों ने भी अपनी कला से खूब तालियां बटोरीं। काली के महाअखाड़े में शामिल कलाकारों ने शोभायात्रा के दौरान हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। इसके अलावा कलाकारों की ओर से प्रस्तुत रासलीला ने भी श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।

महारथ में विराजमान रहे लड्डू गोपाल
अमरोहा। रामडोल शोभायात्रा में सजे आकर्षक डोलों और झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्राचीन सिंहासन पर विराजमान लड्डू गोपाल का डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं राधिका गौरी के साथ भगवान श्रीकृष्ण के पांच स्वरूपों वाली झांकी ने भी लोगों को खूब आकर्षित किया। शोभायात्रा में भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण कृष्णमय बना रहा। घनश्याम तेरी बंसी पागल न कर दे और मुरलिया वाले दिल तुझ पर कुर्बान जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर डोलों का स्वागत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें