मिनी स्टेडियम में आयोजित हुए सीएम सामूहिक विवाह के कार्यक्रम में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पालिकाध्यक्ष व सभासदों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि आयोजन में मानकों की अनदेखी की गई है। उन्होंने डीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
मिनी स्टेडियम में बृहस्पतिवार को अमरोहा नगर पालिका व ब्लॉक और नौगांवा सादात नगर पंचायत के 191 हिंदू व मुस्लिम जोड़ों की शादी का आयोजन सीएम सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत किया गया था। लेकिन, पालिकाध्यक्ष शशि जैन और सभासदों ने कार्यक्रम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पालिकाध्यक्ष व सभासद शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम निधि गुप्ता वत्स को शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा कि सामूहिक विवाह का आयोजन मानक के अनुसार नहीं हुआ है।
उन्होंने लाभार्थियों को भोजन न मिलने व विवाह संस्कार भी सभी जोड़ों के पूरे न कराए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, आरोप लगाया कि व्यवस्था कम होने, वेदिका उपलब्ध न होने के कारण करीब 85 हिंदू जोड़ों का विवाह संस्कार पूरे या आंशिक रूप से संपन्न हुए। जबकि, 35 जोड़े वेदी पर ही नहीं बैठाए गए। आरोप लगाया कि अनुदान राशि अधिकारियों द्वारा खुर्दबुर्द की जा रही है। उन्होंने डीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अंकित गुप्ता, वीर अभिमन्यु, चरण सिंह, आदेश सैनी, शहजाद, संगीता चौहान, राजेश सिंह, जुबैर सैकी, देवेंद्र भगत जी, अंसार अहमद मौजूद रहे।