फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: पोर्टल का सर्वर ठप तो अधर में आधार, किसान लाचार

Sat, 18 Jan 2025 01:11 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
अमरोहा-धनौरा रोड ​स्थित जनसेवा केंद्र पर फार्मर रजिस्ट्री कराने को जुट लोग। संवाद
विज्ञापन
अमरोहा।
विज्ञापन

सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता किसानों के लिए सिरदर्द बन गई है। दरअसल, रजिस्ट्री के पोर्टल का सर्वर लगातार ठप चल रहा है। घंटों-घंटों तक जनसेवा केंद्रों पर किसान सर्वर चालू होने का इंतजार करने को मजबूर हैं। लेकिन, उन्हें निराशा हाथ लग रही है। उधर, आधार संशोधन भी समय पर नहीं हो पा रहा है। पोस्ट आफिस और बैंकों के बाहर किसानों की लाइन लग रही है, लेकिन गिने चुने लोगों को ही सुविधा मिल पा रही है।

जिले में 2.33 लाख किसान हैं। सभी को किसान सम्मान निधि के साथ अन्य विभागीय सुविधाएं मिल रही हैं। लेकिन, दो माह पहले किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य कर दिया गया है। पूर्व में तो किसान इतने सजग नहीं दिखाई दिए, लेकिन योजनाओं का लाभ में मिलने में अड़चन पैदा होने के डर से किसान अब जागरूक हो गए हैं। देखा जा रहा है कि किसान जनसेवा केंद्र पर रजिस्ट्री के लिए सीडिंग कराने तो पहुंच रहे हैं, लेकिन पोर्टल का सर्वर ठप हो जाता है।
विज्ञापन


शुक्रवार को अमरोहा, गजरौला, हसनपुर, मंडी धनौरा में किसान फार्मर रजिस्ट्री कराने को परेशान नजर आए। सभी जगह सर्वर ठप रहा। घंटों तक किसान सर्वर चलने का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। आधी रात के बाद कुछ देर के लिए चल रहा पोर्टल : सर्वर ठप होना किसानों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
जनसेवा केंद्र संचालक रवि व पुष्पेंद्र ने बताया कि सुबह ही किसान फार्मर रजिस्ट्री के लिए पहुंच जाते हैं, लेकिन सर्वर ठप हो जाता है। यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है। कई किसानों के दस्तावेज उनके पास रहते हैं, ऐसे में वह रात में भी रजिस्ट्री करते हैं, लेकिन मध्य रात्रि दो बजे के बाद ही सर्वर चालू हो पाता है। वह भी कुछ घंटे के लिए। बताया कि पोर्टल की क्षमता से अधिक आवेदन प्रति मिनट होने की वजह से सर्वर धड़ाम हो रहा है। यही नहीं आधार कार्ड में जरूरी संशोधन, मोबाइल नंबर सीडिंग, खतौनी व आधार के नामों में अंतर आदि दिक्कतों की वजह भी फार्मर रजिस्ट्री में सुस्ती की वजह हैं। चाहकर भी किसान आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
फार्मर रजिस्ट्री से मिलेंगे यह लाभ
विभिन्न विभागों की लाभार्थी परक योजनाओं में लाभ मिलेगा। सभी गाटों की कृषि भूमि का ब्योरा फार्मर रजिस्ट्री में ऑनलाइन दिखने से बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड बनाना आसान होगा। धान, गेहूं व मोटे अनाज की बिक्री और पशुपालन, उद्यान, मत्स्य पालन व उद्योग आदि अनुदान सीधे बैंक खाता में भुगतान की सहूलियत होगी।
जिले में अब तक 30 प्रतिशत हुई फार्मर रजिस्ट्री
अमरोहा। जिले में 2,33, 368 किसान हैं। अभी तक मात्र 71723 ही किसानों की रजिस्ट्री हो सकी है, जो सिर्फ 30 प्रतिशत ही है। जनसेवा केंद्रों से 47231 तो किसानों ने स्वयं से 12909, पंचायत सहायकों द्वारा 1620 और शिविरों के माध्यम से 4734 किसानों की रजिस्ट्री हुई है।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए जरूरी आधार कार्ड में संशोधन
हसनपुर। आधार कार्ड में संशोधन नहीं होने की वजह से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि दिनभर आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए आधार केंद्रों के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों के आधार कार्ड में नाम में त्रुटि होने की वजह से फार्मर रजिस्ट्री में बाधा उत्पन्न हो रही है। आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए आधार केंद्राें पर जाते हैं तो वहां तीन से चार माह का समय मिल रहा है। ऐसे में यदि शीघ्र ही फार्मर रजिस्ट्री नहीं होते है तो किसान सम्मान निधि का लाभ से किसान वंचित रह सकते हैं। गांव मंगरौला निवासी दीपक कुमार का कहना है कि फर्द में नाम में त्रुटि है। जिस कारण फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है।
ई-साइन करने पर रिजेक्ट हो जाता फार्म
जनसेवा केंद्र संचालक ने बताया कि पोर्टल पर प्रति मिनट आवेदनों की भरमार है। इसकी वजह से फार्मर रजिस्ट्री सर्वर ठप हो रहा है। फार्म भरने पर किसान के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर दो बार ओटीपी आता है। फार्म पर पूरा ब्योरा भरने के बाद ई-साइन करने पर आवेदन रिजेक्ट हो जाता है।
- फार्मर रजिस्ट्री में रफ्तार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पोर्टल के सर्वर में परेशानी आ रही है। जबकि, आधार संशोधन की जिम्मेदारी पोस्ट आफिस व बैंकों में बने केंद्रों की है। हालांकि, सर्वर की समस्या दूर करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का हल हो जाएगा। - डॉ. राम प्रवेश, उप निदेशक कृषि
बोले किसान
- केवाईसी के लिए कड़ाके की सर्दी में तीन दिन से चक्कर लगा रहे हैं। साइट नहीं चलने के कारण केवाईसी नहीं हो रही है। वह नगर में आकर रोजाना बैरंग लौट जाते हैं। - रघुवीर सिंह, गजरौला बल्दाना हीरा सिंह
- आधार और फर्द में त्रुटि की वजह से कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सर्वर ठप चल रहा है। सुबह से लेकर दोपहर तक इंतजार करने के बाद भी निराशा हाथ लग रही है। - दयानंद, गांव ओसामाफी
विज्ञापन

- नामों त्रुटि खुद लेखपाल करते हैं और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। फार्मर रजिस्ट्री में भी इसी वजह से अड़चन पैदा हो रही है। वहीं, सर्वर भी ठप है।

- अमजद सैफी, गांव सांथलपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें