अमरोहा। टीकाकरण में सोमवार को जनपद के सारे रिकॉर्ड टूट गए। हालांकि टीकाकरण के लिए रखे गए लक्ष्य पार नहीं हो सका। शाम तक चले टीकाकरण अभियान में 37 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाकर नया रिकार्ड बनाया गया है। इससे पहले एक दिन में 32 हजार लोगों द्वारा टीकाकरण कराने का रिकॉर्ड था।
सरकार की और से सोमवार को टीकाकरण के लिए मेगा अभियान चलाया गया। जनपद में भी 51000 हजार टीकाकरण का लक्ष्य जिला प्रशासन को दिया गया था। इसके लिए जनपद में भी अभी तक सबसे अधिक 205 टीकाकरण केंद्र बनाए गए। सुबह नौ बजे शुरू किए गए टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य कर्मी मैदान में उतरे। टीकाकरण के लिए भी पर्याप्त मात्रा में डोज उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण कराने के लिए पहुंचे। केंद्रों पर टीकाकरण शाम पांच बजे तक चलता रहा। स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत के बल पर जिला प्रशासन की ओर से दिए गए लक्ष्य से भी अधिक लोगों को टीके लगाए गए। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को 205 बूथों पर 53000 का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन लक्ष्य के सापेक्ष 37740 लोगों ने टीका लगवाया है, जो अब तक के टीकाकरण का रिकार्ड है। जिला प्रतिक्षण अधिकारी डॉ राजकुमार ने बताया कि अब तक कुल 9,12,184 लाख लोगों ने टीका लगवाया है। जबकि 7,50,582 लोगों ने पहली और 1,61, 602 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है।