अक्षय तृतीया पर सोने व चांदी के आभूषणों की खरीद के लिए शुभ माना जाता है। पिछले कुछ दिनों में सोने व चांदी की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी देखी गई है। सोने की कीमतों ने जहां एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत को पार कर लिया था, वहीं रविवार को भी सोने की कीमत लगभग 97 हजार रुपये रही, लेकिन इसके बाद भी बाजार में अक्षय तृतीया पर खरीद को लेकर लोगों में उत्साह बना है। बढ़ती कीमतों के बाद भी लोगों का रुझान सोने में निवेश करने को लेकर कम नहीं हुआ है।
30 अप्रैल को मनाई जाने वाली अक्षय तृतीया से पहले ही बाजार में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। खरीदारों का ध्यान आकर्षित करने के लिए सराफा व्यवसायियों लाइट वेट ज्वैलरी की रेंज बाजार में उतारी है। कारोबारी विवेक अग्रवाल का कहना है कि गेहूं कटाई का सीजन व सोने के भाव को देखते हुए बाजार में मंदी जरूर है, लेकिन अक्षय तृतीया को लेकर तैयारी की गई है। बाजार में कम वजन के ज्वेलरी को रखा गया है।
इनमें लेडीज व जेंट्स अंगूठी, ईयर रिंग, मंगलसूत्र आदि की डिमांड ज्यादा रहती है। जिसकी बड़ी रेंज बाजार में उपलब्ध है। लाइट वेट में 2.50 ग्राम से लेकर पांच ग्राम तक की ज्वैलरी को खरीदना अधिक पसंद करते हैं।
खरीदारों की जरूरत के हिसाब से मंगाए गहने
सराफा कारोबारी कुंवर विनीत अग्रवाल का कहना है कि पिछले साल की तुलना में सोने व चांदी के आभूषणों की कीमतों में बढ़ोतरी जरूर हुई है। लेकिन, इसके बाद भी अक्षय तृतीया पर पुरानी परंपराओं को निभाने के लिए लोगों में खरीदारी का उत्साह कम नहीं है। लोगों की पसंद को देखते हुए ही ज्वैलरी बिक्री के लिए लाई गई है। जिसमें लाइट वेट ज्वैलरी को अधिक जगह दी गई है। जिससे खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर न लौटना पड़े।
- बाजार में कम वजर के गहनों को रखा गया है। सोने की कीमतों में वृद्धि के कारण हल्के और 18 कैरेट के आभूषणों की मांग बढ़ गई है।
- विवेक अग्रवाल, सराफा कारोबारी