अमरोहा। शाहजहांपुर में रजबपुर के सिपाही की चाइनीज मांझे से गर्दन काटकर मौत के बाद अमरोहा पुलिस ने भी अभियान चलाया। दो दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों से चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूर्णत: पाबंदी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मांझे की बिक्री करने पर कार्रवाई की नसीहत दी है।
11 जनवरी को शाहजहांपुर में रजबपुर थानाक्षेत्र के बांसली बलदाना गांव के शाहरुख हसन की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से मौत हो गई थी। घटना को गंभीरता से लेकर अमरोहा एसपी अमित कुमार आनंद ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में चाइनीज मांझे की बिक्री करने वाले विक्रेताओं की सूची तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही घर, मैदानों में चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर पतंग उड़ाने वाले लोगों की भी वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए थे। इतना ही नहीं उन्होंने चाइनीज मांझे से होने वाले दुष्परिणाम का प्रचार प्रसार करने करने को भी कहा। यह अभियान 12 से 13 जनवरी तक चलाया गया। आमजन से अपील की गई कि चाइनीज मांझा न खरीदें और न बेचें।
लाउडस्पीकर के माध्यम से नागरिकों को चाइनीज मांझे का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।स्पष्ट कहा कि चाइनीज मांझे का उपयोग अवैध है। चाइनीज मांझा पर्यावरण और जनसुरक्षा के लिए खतरनाक है। इसे बेचने, खरीदने और इस्तेमाल करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पतंग बाजी के लिए प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का भण्डारण, विक्रय एवं उपयोग न करे। चाइनीज मांझे के उपयोग से दुपहिया वाहन चालक तथा पक्षियों के जानमाल का नुकसान होना संभव है। इसलिए पतंगबाजी में चाइनीज मांझे को उपयोग करने से बचे और अपने आस-पास के लोगो को भी जागरूक करें।