असर की नमाज के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले। एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले। पुलिस ने मामले में दोनों पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौगांवा सादात के मोहल्ला फरीदी वाली गली में अतीकुर्रहमान और मोहल्ला शिकरिया वाली गली में रईसुद्दीन के परिवार रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, दो मार्च की शाम 5:30 बजे रईसुद्दीन असर की नमाज पढ़कर घर जा रहे थे। रास्ते में अतीकुर्रहमान, सब्बू, शाहनवाज व कैफ उनके साथ गली-गलौज करने लगे। रईसुद्दीन ने विरोध किया तो चारों ने उनके साथ मारपीट की। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
मामले में रईसुद्दीन ने अतीकुर्रहमान, सब्बू, शहनाज व कैफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि, अतीकुर्रहमान ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन वह घर के बाहर खड़े थे। तभी तैयब, अल्मतस, नन्नू व रईसुद्दीन ने उनके साथ मारपीट की। इस बीच दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में अतीकुर्रहमान की ओर से तैयब, अल्मतस, नन्नू व रईसुद्दीन और रईसुद्दीन की तहरीर पर दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।