अमरोहा। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के बीच लगभग 50 दिन बाद क्षेत्र में कोरोना संक्रमित एक रोगी के पाए जाने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। रोगी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव जाकर परिजनों व संपर्क में आने वालों की कोरोना जांच के लिए नमूने लेगी।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की तबाही के बाद नगर व ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना संक्रमित रोगियों के पाए जाने का सिलसिला थम गया था। लगभग 50 दिन बाद क्षेत्र के गांव मलकपुर भूड़ शुमाली का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई है। चिकित्साधीक्षक डा. अमोल सिंह ने बताया कि व्यक्ति को दवाएं उपलब्ध करा कर होम आइसोलेट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को एक टीम गांव जाएगी। संक्रमित रोगी के परिजनों व संपर्क में आए लोगों के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए जाएंगे। उनका कहना था कि इस मामले में किसी प्रकार की कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दूसरी ओर एसडीएम मांगेराम चौहान ने भी निगरानी समिति से नजर रखने की अपील की है।