अमरोहा में नौगांवा के रहने वाले आफताब आडवाणी का रविवार को विवादित बयान सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि जेएनयू पर भगवा झंडा फहराने का मैं समर्थन करता हूं। जेएनयू के अलावा देवबंद के जितने भी मदरसे हैं वहां भी भगवा झंडा फहराया जाए।
उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष ने जेएनयू व मदरसों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने जेएनयू में हिंदू सेना की ओर से फहराए गए भगवा झंडे के निर्णय को सही बताया। साथ ही कहा है कि जेएनयू के साथ ही भगवा झंडा देवबंद के सारे मदरसों पर फहराया जाना चाहिए।
विज्ञापन
अमरोहा में नौगांवा के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष आफताब आडवाणी का रविवार को एक विवादित बयान सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि हिंदू सेना की ओर से जेएनयू पर भगवा झंडा फहराने का मैं समर्थन करता हूं। भगवा झंडे को केवल जेएनयू में ही नहीं बल्कि पूरे हिंदुस्तान में हर जगह फहराया जाए।
खासकर मैं कहूंगा कि जेएनयू के अलावा देवबंद के जितने भी मदरसे हैं सभी पर भगवा झंडा फहराया जाए। ताकि लोगों में देश के प्रति प्रेम जागृत हो और देश के प्रति इज्जत बढ़े। आफताब आडवाणी ने भारत माता की जय, जय हिंद, जय भारत बोलते हुए वीडियो समाप्त किया। आफताब आडवाणी देवबंद के मदरसों को लेकर पूर्व में भी कई बार विवादित बयान देकर चर्चाओं में रह चुके हैं।