उमंग डेयरी में ठेकेदार व उसके दो कर्मचारियों पर मक्खन की 400 पेटी गबन करने का आरोप है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 के मकान नंबर 93 निवासी वीसी शर्मा हाल में गजरौला की उमंग डेयरी में रहते हैं। वह डेयरी के एचआर हेड के पद पर तैनात हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार मुनव्वर अली स्टोर विभाग में मक्खन उतारने-चढ़ाने का काम करता है। पांच अप्रैल को सुबह की पाली में वह कुछ गाड़ियों से मक्खन उतारने का काम कर रहा था। कंपनी के मनोज कुमार की देखरेख में यह काम हो रहा था। ठेकेदार के कर्मचारी मोहित व पीयूष भी मक्खन उतारने का काम कर रहे थे। इस दौरान 400 पेटी गायब कर दी गईं। एक पेटी में 20 किलो मक्खन होता है। बाद में शक लगने पर डेयरी के भंडार गृह का चेक किया गया। उसमें चार सौ पेटी कम पाई गईं। कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया।
एचआर हेड का आरोप है कि डेयरी से 400 पेटियों का गबन ठेकेदार मुनव्वर अली व उसके कर्मचारियों मोहित व पीयूष ने किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विनय कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।