अमरोहा। डिडौली के डीएनएस क्रिकेट एकेडमी मैदान में अहमद तुर्की क्लब ने आदित्य चाहल की तूफानी 67 रन की पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से हार्डी इलेवन को 59 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अहमद तुर्की क्लब ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में हार्डी इलेवन 15.3 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई।
आदित्य चाहल ने 32 गेंदों में छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। राजा ने 30 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के के साथ 37 रन, जबकि सलमान खान ने 20 गेंदों में 22 रन बनाए। हार्डी इलेवन के उवैस आलम ने चार विकेट लिए।
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हार्डी इलेवन की शुरुआत खराब रही। कप्तान आजम पहली ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। सुभान ने 22 और बोबी ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम 114 रन पर सिमट गई। अहमद तुर्की क्लब के अदनान और जुनैद जादूगर ने तीन-तीन, वासीम ने दो तथा आदित्य चाहल और राजा ने एक-एक विकेट लिया।