हसनपुर सड़क हादसे में किशोर की मौत के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। नगर के संभल अड्डे पर साइकिल सवार किशोर को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र के गांव हथिखेड़ा निवासी दौलतराम का 16 वर्षीय बेटा कृष्णा नगर के संभल अड्डे पर एक बिजली की दुकान पर काम करता था। वह रोजाना सुबह में साइकिल पर सवार होकर दुकान पर आता था और शाम को वापस घर जाया करता था। गुरुवार देर शाम को घर जाते समय संभल अड्डा पर हैबतपुर बंजारा मार्ग की दिशा में बजरी से लदे ट्रक ने किशोर को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। शव कब्जे में लेकर सीएचसी लाया गया। यहां से पोस्टमार्टम को भिजवाया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताते हैं कि किशोर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।
- सड़क हादसे में किशोर की मौत हो गई। ट्रक को कब्जे में लिया है जबकि चालक फरार हो गया। शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
मनोज कुमार, कस्बा चौकी इंचार्ज हसनपुर।