नगर के मुख्य डाकघर में तीन साल बाद आधार बनाने के लिए दुरुस्त होकर आए उपकरण चलाते ही दोबारा खराब हो गए। इनको सही कराने के लिए पोस्टमास्टर ने पत्र लिखा है। वहीं, लोगों का कहना है कि पहले आई खामी को ठीक कराने में तीन साल लग गए, इस बार पता नहीं कितना समय लगेगा।
गजरौला के अतरपुरा मोहल्ले में रेलवे लाइन पर बने ओवरब्रिज के नीचे मुख्य डाकघर है। उक्त डाकघर को आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। लेकिन, यहां पर अभी तक एक भी दिन आधार बनाने का काम नहीं हो पाया। डाकघर स्टाफ का कहना है कि डाकघर का प्रिंटर, आंख-अंगूठा लगाने का स्केनर सहित अन्य उपकरण खराब है। इसके चलते आधार नहीं बन पा रहे हैं। इस बीच आधार बनवाने के लिए लोग भटकते रहे। उप डाकघर, बैंकों और बीएसएनएल के कार्यालय पर आधार कार्ड बनवाने के लिए लोग आधी रात से लाइन में लग जाते थे। मुख्य डाकघर पर आधार न बनाए जाने का मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने सख्ती दिखाई तो पोस्टमास्टर ने प्रिंटर व आधार कार्ड बनाने के उपकरण सही कराए। जिनको डाकघर में लाकर चलाकर देखा गया। लेकिन, अब डाकघर स्टाफ का कहना है कि वह चलाते ही खराब हो गए। जिसके चलते आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। पोस्टमास्टर सर्वेश सिंह ने बताया कि आधार बनाने के उपकरण को सही कराने के लिए अपने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा है।