कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे गांव लंबिया निवासी लक्की शर्मा (22) ट्रैक्टर से गिरकर घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
लक्की रजबपुर क्षेत्र के गांव लंबिया निवासी अशोक शर्मा का बेटा था। अशोक शर्मा गांव में आटा चक्की चलाते हैं। बुधवार दोपहर गांव से शिव कांवड़ बेड़ा नाम का जत्था ट्रैक्टर से कांवड़ लेने हरिद्वार के लिए निकला था। बेड़े में गांव के 15 लोग शामिल थे। ट्रैक्टर को अशोक शर्मा का भतीजा सोनू चला रहा था, जबकि उनका बेटा लकी शर्मा अन्य लोगों के साथ ट्राॅली में बैठा था।
उनका जत्था जनपद बिजनौर के नूरपुर के पास पहुंचा तो ट्राॅली में सवार लक्की अपने भाई सोनू को ट्रैक्टर की हिच पर खड़ा होकर लड्डू देने लोगा। इस बीच लक्की का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। उसके ऊपर से ट्राॅली का पहिया उतर गया, जिससे लक्की घायल हो गया। परिजन लक्की को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज को ला रहे थे। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन बिना कार्रवाई शव को अपने साथ गांव ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया।