हसनपुर (अमरोहा)। गेहूं निकासी के दौरान मशीन की फैनबेल्ट में महिला की साड़ी फंस गई, जिससे महिला मशीन में फंस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी है।
गांव भीमा ठीकरी निवासी किसान रूमाल सिंह का परिवार रहता है। शनिवार की शाम को रूमाल सिंह अपने खेत पर परिवार के साथ गेहूं की गहाई कर रहे थे। इसी बीच रूमाल सिंह की पत्नी बुधिया (28) मशीन के पास गेहूं की पूली उठाकर रख रही थी। इस दौरान महिला की साड़ी मशीन की फैनबेल्ट में फंस गई। इस दौरान हुए हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर ट्रैक्टर को बंद कराया गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। महिला ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि मामले की कोई सूचना नहीं मिली है।