ऐसे में इस लत से बचने के लिए हमें बुरी आदतों को पहले दिन से ही न कहना होगा। उन्होंने कहा, वर्तमान दौर में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती साइबर क्राइम है। इससे बचने के लिए हमें जागरूक होने के साथ अपने आसपास के लोगों व परिवार वालों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताना होगा। अगर आपके साथ कोई भी फ्रॉड होता है, तो इसकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देकर शिकायत दर्ज करें। कहा, सोशल मीडिया के प्रयोग के दौरान हल्की सी चूक हमें लाखों रुपये का चूना लगा सकती है। ऐसे में इंटरनेट और सोशल मीडिया का प्रयोग सावधानी और सतर्कता के साथ करें।
छात्रों को हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी वेबसाइट से होने वाले फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट न बनाएं और न ही किसी अंजान व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के संपर्क में आएं। कार्यक्रम का संचालन अनामिका शेखावत ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य मनोज गोयल, कपिल गुप्ता, मुनीररुलहक, तरन्नुम नूर, अरीबा नूर, प्रयांशु राजपूत मौजूद रहे। इससे पहले स्कूली बच्चों ने दिवाली के मौके पर रंगोली बनाकर मनमोह लिया।
कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व
एएसपी ने बताया कि समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है। कहा, जिस तरह सैनिक देश की सीमा की रक्षा करते हैं, उसी तरह पुलिस पर देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी है। इस दौरान विद्यार्थियों को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, डायल 112, पॉक्सो एक्ट, अच्छे-बुरे स्पर्श के बारे में जानकारी दी।
आह्वान : 18 साल से कम उम्र के बच्चे न चलाएं वाहन
एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि 18 साल से कम आयु वाले युवा किसी प्रकार का कोई वाहन ड्राइव न करें और इस दौरान कोई भी घटना हो जाती है तो इसमें बच्चों के माता-पिता आरोपी होंगे। जो भी दुर्घटना के दौरान क्लेम होगा, उनके माता-पिता से जुर्माने के तौर पर वसूला जाएगा।
नशे की लत में न फंसे युवा
एएसपी ने कहा कि नशे की लत में फंसकर युवा अब चोरियां तक करने लगे हैं। घर-परिवार में मारपीट की घटनाएं भी नशे की लत को पूरा करने के लिए रोजाना आम होती जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि अगर दुकान के बाहर कहीं पर कोई नशा या स्कूल के दायरे में बेच रहा है तो उसकी सूचना भी पुलिस को अवश्य दें। खुद नशे के दलदल में न फंसे।
नसीहत : मन लगाकर पढ़ाई करें विद्यार्थी
स्कूल के डायरेक्टर तुषार गुप्ता ने एएसपी के द्वारा छात्राओं का मार्गदर्शन करने पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि एएसपी ने जिन नियमों की सीख दी है, उनको अपने जीवन में अपनाएं। ये विद्यार्थियों के जीवन में बहुत कारगर साबित होगी। साथ ही उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।