मंडी धनौरा (अमरोहा)। दशहरा व दिवाली त्योहार संपन्न होने के बाद अब श्री रामलीला प्रबंध समिति मंदिर महादेव के चुनाव की कवायद शुरू हो गई है। शनिवार को रामलीला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने चुनाव अधिकारी को एक पत्र सौंपकर शीघ्र ही चुनाव की तारीख की घोषणा का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि रामलीला प्रबंध समिति के चुनाव हर तीन साल में होते हैं। वर्ष 2024 के अगस्त में चुनाव होने थे, लेकिन राजनीतिक दबाव में चुनाव नहीं होने दिया गया। 2025 में भी प्रबंध समिति का चुनाव नहीं होने पर आजीवन सदस्यों ने खुली बैठक बुलाकर जागेश अग्रवाल को अध्यक्ष चुन लिया था। मामला अदालत में पहुंच गया। न्यायालय ने जागेश अग्रवाल की अध्यक्षता वाली कमेटी को ही रामलीला मंचन की जिम्मेदारी सौंपी।
जागेश अग्रवाल की अध्यक्षता वाली कमेटी ने घोषणा की थी कि त्योहार संपन्न होने के बाद रामलीला प्रबंध समिति के चुनाव कराए जाएंगे। पिछले दिनों कोर्ट ने भी चुनाव कराने के लिए निर्देशित किया था। शनिवार को समिति के अध्यक्ष जागेश अग्रवाल, सचिव पवन गुप्ता, कोषाध्यक्ष अवनीश अग्रवाल ने रामलीला प्रबंध समिति के चुनाव अधिकारी कमल अग्रवाल को एक पत्र सौंपा। पत्र में अनुरोध किया गया है कि वर्ष 2026-29 की कार्यकारिणी के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाए। चुनाव अधिकारी कमल अग्रवाल ने बताया कि वह शीघ्र ही आजीवन सदस्यों की सुविधानुसार चुनाव की तारीख की घोषणा करेंगे।