मौनी अमावस्या पर तिगरी गंगा में स्नान करने जा रहे श्रद्धालु परविंद्र (40) की भानपुर फाटक पर ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फाटक बंद होने पर वह बैरियर के नीचे से बाइक निकाल रहे थे, तभी लखनऊ-दिल्ली एक्सप्रेस की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गए। जेब में मिले बिजली के बिल से उनकी शिनाख्त हुई।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक केएल कश्यप ने बताया कि लखनऊ-दिल्ली एक्सप्रेस बुधवार सुबह दिल्ली की ओर जा रही थी। उस समय भानपुर रेलवे क्राॅसिंग का फाटक बंद था। सुबह 5.55 बजे हाईवे की तरफ से बाइक सवार युवक आया और बंद फाटक के नीचे से बाइक निकाल रहा था। इस बीच एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ के दरोगा आशीष कुमार, थाने से एसएसआई ब्रजेश कुमार सिंह पहुंच गए।
तलाशी लेने पर मृतक की जेब में बिजली का बिल मिला, जिस पर मृतक और गांव का नाम लिखा हुआ था। उसकी पहचान अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव मुनव्वरपुर निवासी परविंद्र के रूप में की गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परविंद्र अपने पीछे पत्नी व एक बेटा व बेटी को छोड़ गए। वह लागूनंगला में बीयर की दुकान पर सेल्समैन थे। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।