गजरौला। गंगा की रेती में श्रद्धालुओं के दूर-दूर तक तंबू और डेरे लग गए हैं। जिनको देख ऐसा लग रहा है, जैसे तंबुओं का शहर बस गया हो। जिधर नजर दौड़ाओ, उधर श्रद्धालुओं के शिविर ही दिखाई दे रहे हैं। सदर चौक भी दुकानदारों से सज गया है।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगा तिगरी गंगा मेला श्रद्धालुओं से भरता जा रहा है। मेले में हजारों श्रद्धालुओं के शिविर लग गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के शिविर लगाए जाने का काम भी जारी है। इसके अलावा विभिन्न महासभाओं के शिविर भी गंगा मेले में लग गए। सदर चौक के निकट ही स्काउट एवं गाइड का खोया पाया केंद्र स्थापित हो गया। जिसमें जिले भर के स्काउट एवं गाइड मेले में अपनों से बिछड़े लोगों को खोज कर मिलाने का काम करेंगे। मेले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 15 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। डॉ.योगेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी और अधिकारी दिन भर इंतजाम करने में लगे रहे। उधर मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई किमी के इर्द गिर्द में तंबू दिखाई दे रहे हैं। जिनको देख ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे गंगा की रेती में तंबुओं का शहर बस गया हो।
दुकानों से सजने लगा सदर चौक से मीना बाजार
गजरौला। तिगरी गंगा मेले के शुभारंभ की तारीख निकट आते ही मेला स्थल दुकानों से गुलजार होने लगा है। सदर चौक के आस पास श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए हिंडोला, झूला आदि तैयार हो गए। चाट, पकौड़ी की दुकान लग गई हैं। जिन पर दिन भर युवाओं की भीड़ लगी रहती है। सदर चौक के दो भव्य गेट बन गए। इसके अलावा महिलाओं के लिए सौंदर्य प्रसाधन की कई दुकान सज गई हैं। सदर चौक से लेकर मीना बाजार दुकानों से धीरे-धीरे भरने लगा है। अब तक बाजार में सैकड़ों दुकान लग गई हैं।