बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा निर्धारित समय सुबह नौ बजे शुरू हो गई। परीक्षा के लिए बने पांच केंद्रों जेएसएस डिग्री कॉलेज के ब्लाॅक-ए में 500, ब्लॉक-बी में 450, जेएसएच इंटर कॉलेज में 450, राजकीय इंटर कॉलेज में 419 व आईएम इंटर कॉलेज में 450 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सघन तलाशी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद केंद्रों पर पर प्रवेश दिया गया। जिले में दो पालियों में हुई परीक्षा में 2269 बच्चे पंजीकृत थे।
पहली पाली में सामान्य ज्ञान व कॉमन पेपर था। जबकि, दूसरी पाली में विषय आधारित पेपर था। पहली पाली में 1951 व दूसरी में 1958 परीक्षार्थी शामिल हुए। डीआईओएस वीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई है।
-
सचल दल का भी रहा पहरा
परीक्षा के आयोजन के लिए दो सचल दल गठित किए गए थे। इसके अलावा परीक्षा से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए। इसके लिए भी अधिकारियों की तैनाती की गई थी। परीक्षा के लिए हर केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट व दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किए थे।
-
कहां कितने परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
उपस्थिति
परीक्षा केंद्र पंजीकृत - पहली पाली - दूसरी पाली
राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा - 419 - 364 - 365
आईएम इंटर कॉलेज - 450 - 387 - 387
जेएस हिंदू इंटर कॉलेज अमरोहा - 450 - 386 - 387
जेएस पीजी कॉलेज ब्लॉक- ए - 500 - 423 - 427
जेएस पीजी कॉलेज ब्लॉक- बी - 450 - 391 - 392
-
परीक्षा को लेकर तैयारी अच्छी थी, पेपर भी ठीक हुआ है। पहली पाली में सामान्य ज्ञान के पेपर आसान था। लेकिन दूसरी पाली में विषय आधारित परीक्षा के कुछ सवालों ने जरूर परेशान किया। - श्रेयान, परीक्षार्थी
-
पेपर ज्यादा मुश्किल नहीं था। अधिकांश पढ़ा हुआ ही आया, लेकिन दूसरी पाली के विषय के कुछ सवाल थोड़ा मुश्किल जरूर थे। कुल मिलाकर पेपर ठीक रहा है। - हिमानी, परीक्षार्थी
-
पेपर तैयारी के अनुरूप ही था। पहली पाली में हुआ सामान्य ज्ञान का कॉमन पेपर आसान रहा। दूसरी पाली में भी विषय का पेपर भी ठीक ही था। - जितेंद्र कुूमार, परीक्षार्थी
-
जैसी तैयारी थी, वैसा ही पेपर भी आया। दोनों पालियों के पेपर ठीक हुए हैं। दूसरी पाली में आयोजित विषय आधारित कुछ सवाल थोड़ा मुश्किल थे। लेकिन फिर भी पेपर ठीक रहा है।- जोगेंद्र कुमार आर्य, परीक्षार्थी
-
परीक्षा आयोजन शांतिपूर्ण रहा है। पहली पाली में सामान्य ज्ञान का कॉमन पेपर था, जबकि दूसरी पाली में विषय आधारित विज्ञान, कला, कॉमर्स व कृषि विज्ञान से संबंधित सवाल पूछे गए थे। पुलिस व प्रशासन के सहयोग से परीक्षा का आयोजन सफल रहा है। - डॉ. संदीप कुमार, नोडल, परीक्षा