साइबर ठगों ने किसान के अलग-अलग बैंक की शाखाओं के दो खातों से 29 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकलने का संदेश मिला तो किसान के होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत बैंक प्रबंधकों से की और खाते पर रोक लगवाई। एसपी के आदेश पर मामले में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के जब्दा गांव का है। यहां पर चंद्रपाल सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे लोकेश कुमार के स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक की शाखाओं दो खाते हैं। आरोप है कि 3 मार्च 2022 की शाम को शातिरों ने दोनों खातों से 29772 निकाल लिए। खाते से रुपये निकासी का मैसेज मिला तो मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने बैंक पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई और दोनों खातों पर रोक लगाई। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष संत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में जन सुविधा केंद्र से रुपये निकालने की बात सामने आई है।