तीन दिन पूर्व दिल्ली में काम करने गए युवक की वहां पर संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसे गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक अपने साथ ले गया था। युवक की मौत हो जाने पर उसका शव लेकर उसके घर पहुंचा। जिसे देख परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामला थाना क्षेत्र के गांव पट्टी का है। थाना पुलिस ने बताया कि गांव निवासी महेंद्र सिंह के 35 वर्षीय बेटे सूखे सिंह को मोहरका गांव का दूसरे समुदाय का युवक मजदूरी कराने के लिए दिल्ली ले गया था। जहां पर बृहस्पतिवार की शाम खाना खाने के बाद सूखे सिंह की तबियत बिगड़ गई। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह दूसरे समुदाय का युवक सूखे सिंह का शव लेकर उसके घर पहुंचा। शव को देखते ही परिजन बिलख पड़े। परिजनों ने आशंका जताई की कि उसकी हत्या की गई है। हत्या करने का आरोप साथ ले जाने वाले युवक पर ही लगाया। जिसके चलते पुलिस ने पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि युवक की दिल्ली में पेट में दर्द होने के कारण मौत का मामला सामने आया था। परिजनों के कहने पर मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं देखी है।