अमरोहा। जिले में सरकारी रिकॉर्ड में संचालित मदरसों की हकीकत जांच में सामने आई है। 25 मदरसे ऐसे मिले हैं, जिनमें न बच्चे मिले और न ही शिक्षक। लंबे समय से इनका संचालन बंद था, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज थे। विभाग ने इन सभी के यू-डाइस कोड बंद कर दिए हैं। अब इनकी मान्यता समाप्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।
जिले में अल्पसंख्यक विभाग में 485 मदरसे पंजीकृत हैं। इनमें पांच अनुदानित और 480 मान्यता प्राप्त हैं। जुलाई में विभागीय अधिकारियों को पता चला कि कई मदरसों ने यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों का ब्योरा अपडेट नहीं किया है। इसके बाद जांच के लिए तीन विभागीय कर्मचारियों और अनुदानित मदरसों के 21 सहायक अध्यापकों की टीम गठित की गई।
टीम ने अब तक 210 मदरसों की जांच की है। इनमें 25 का संचालन लंबे समय से बंद मिला। मौके पर एक भी छात्र-छात्रा नहीं मिला। संबंधित प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने भी विभाग को लिखित रूप में संचालन बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद विभाग ने इन मदरसों के यू-डाइस कोड बंद करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट बीएसए को भेज दी। शेष 270 मदरसों की जांच जारी है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नौशाद ने बताया कि जांच में बंद मिले 25 मदरसों के यू-डाइस कोड बंद कर दिए गए हैं। उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
क्या है यू-डाइस कोड
यू-डाइस भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की व्यवस्था है। इसके तहत प्रत्येक मान्यता प्राप्त विद्यालय को 11 अंकों का विशिष्ट पहचान कोड दिया जाता है। इस पोर्टल पर विद्यार्थियों के नामांकन और विद्यालय से जुड़ी अन्य जानकारियां दर्ज की जाती हैं।