फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: खूब बजा बैंड बाजा, जिलेभर में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। देवोत्थान एकादशी के साथ ही जिले में शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया है। शुक्रवार को जिलेभर में करीब 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। सुबह से देर रात तक शहर और कस्बों में शहनाई, बैंड-बाजों और डीजे की धुन गूंजती रही। विवाह मंडपों में बरातियों ने जमकर डांस किया तो सड़कों पर चढ़त के दौरान वाहनों की कतारें लग गईं। आजाद रोड, बिजनौर रोड और जोया रोड पर कई बार जाम की स्थिति बनी। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन

देवोत्थान एकादशी को हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत का विशेष दिन माना जाता है। इसी के साथ शादी-विवाह के सहालग की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार से ही विवाह समारोहों की रौनक दिखाई देने लगी थी। जिलेभर में बड़ी संख्या में शादियां हुईं। शहर के विवाह मंडपों में सुबह से ही मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम होते ही बैंड-बाजों की धुन और रंग-बिरंगी रोशनी से शहर की सड़कें गुलजार हो उठीं।
बरात चढ़त के दौरान युवा और बच्चे डीजे की धुन पर जमकर थिरके। मंडपों में सजावट से लेकर खानपान तक विशेष इंतजाम किए गए थे। शादी के सीजन का असर बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। कपड़े, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और उपहारों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। वहीं, विवाह मंडपों, बैंड-बाजा संचालकों, डेकोरेशन और कैटरिंग से जुड़े कारोबारियों के यहां भी बुकिंग लगभग फुल चल रही है। महंगाई के चलते शादी समारोहों का बजट बढ़ा है, लेकिन खरीदारी बढ़ने से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
विज्ञापन

-
दुल्हनों की गाड़ियों पर फूलों की खास सजावट
शादी का सीजन शुरू होते ही फूलों के बाजार में भी रौनक लौट आई है। सुबह से देर रात तक फूलों की दुकानों पर ग्राहक पहुंच रहे हैं। दुल्हनों की गाड़ियों के साथ विवाह मंडप, स्टेज और घरों की सजावट के लिए भी फूलों की मांग बढ़ गई है। लोग अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग डिजाइन बनवा रहे हैं। गुलाब, गेंदा, ऑर्किड, लिली और जरबेरा फूलों की सबसे अधिक मांग है। हसनपुर के ब्लॉक चौराहा और अमरोहा के कैलसा बाईपास स्थित फूलों की दुकानों पर गाड़ियों की सजावट के लिए विशेष ऑर्डर मिल रहे हैं। फूलों की गुणवत्ता और डिजाइन के हिसाब से सजावट के दाम तय किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें