अमरोहा। लॉटरी का लालच देकर साइबर ठगों ने महिला से 22,500 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। जांच पड़ताल में आरोपी का बैंक खाता बरेली का पाया गया। पुलिस ने खाते में लगी आरोपी के आधार कार्ड की कॉपी कब्जे में लेकर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।
नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मेराज बानो चरखा चलाकर परिवार का पालन पोषण करती हैं। महिला के मुताबिक 13 जनवरी को उनके पास एक कॉल आई थी। फोन करने वाले ने पहले ढाई लाख रुपये की लॉटरी निकलने की बात कही थी। इसके बाद धनराशि बढ़ाकर 24 लाख रुपये बताने लगा। जीएसटी भरने के नाम पर 22,500 रुपये खाते में डलवाने की बात कही। ठग की बातों पर विश्वास करके जन सेवा केंद्र के माध्यम से 22,500 आरोपी के खाते में डलवा दिए। इसके बाद आरोपी का फोन नहीं उठा रहा है।
पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने मामले की शिकायत एसपी ऑफिस में की। साइबर सेल ने जांच पड़ताल की तो आरोपी का बैंक खाता बरेली की एक शाखा में संचालित पाया गया। लिहाजा टीम ने बैंक अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी के आधार कार्ड की कॉपी जब्त कर उस पर लिखते नाम पते के आधार पर गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल ठगने खाते से पूरी धनराशि को निकाल लिया है।