तिगरी धाम। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी धाम में लगने वाले मेले में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। रविवार की शाम तक मेले में करीब 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। मंगलवार की सुबह से दीपदान करने वालों की भीड़ उमड़ने लगेगी। पुलिस और प्रशासन ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मंगलवार को दीपदान से पहले ही 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। गंगा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आए। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्थान कर पूजा-अर्चना की और घर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्तिक पूर्णिमा बुधवार को है। मंगलवार को दीपदान होगा। तिगरीधाम में लगने वाले ऐतिहासिक-पौराणिक मेले को मिनी कुंभ भी कहा जाता है। प्राचीन बाबा गंगानाथ मंदिर के पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि इस बार पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान है। इसकी पूर्व संध्या (कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी की शाम) दीपदान किया जाता है। इसलिए चार नवंबर को दीपदान किया जाएगा। तिगरीधाम, गढ़मुक्तेश्वर मेले के साथ ब्रजघाट पर भी गंगा घाटों पर दीपदान के लिए लोगों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सूर्यास्त के समय होता है दीपदान
धार्मिक अनुष्ठान के लिए सूर्यास्त के समय वह श्रद्धालु आएंगे, जिनके परिवार के सदस्य उनके बीच अब नहीं रहे। दीपदान उन्हीं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए संबंधित परिवार के लोग करते हैं। ऐसे में उनकी आंखें भी भर आती हैं। इस परंपरा को निभाते वक्त गंगा घाट ऐसे प्रतीत होते हैं, जैसे आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। मान्यता है कि द्वापर युग में कुरुक्षेत्र के मैदान में कौरव सेना व पांडवों के कुटुंब संबंधियों के शव पड़े थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन सभी दिवंगत आत्माओं की शांति का मार्ग पांडवों को बताया था। तब पांडवों ने भगवान कृष्ण के साथ गंगा तट पर पहुंच कर दीपदान किया था। उस दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी की पूर्व संध्या थी।
ब्रजघाट में भी जुटेगी भीड़
तिगरी मेला में ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज रहा है। यहां पिकनिक का पूरा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर भजन कीर्तन कर रहे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए तिगरी मेले में श्रद्धालुओं का जन सैलाब खूब उमड़ रहा है। प्रशासन ने भी अपने इंतजाम पूरे कर लिए हैं। हाईवे पर जाम न लगे इस पर विशेष ध्यान है। केवल तिगरी ही नहीं, ब्रजघाट में भी बड़ा स्नान होगा। इसलिए प्रशासन उस ओर भी पूरा ध्यान रखे हुए हैं। दूूर-दूर के इलाकों से श्रद्धालु तिगरी की ओर चले आ रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रालियों का तांता लगा हुआ है। रविवार देर शाम तक श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर ट्राली, टाटा मैजिक, बैल गाड़ी, भैंसा-बुग्गी, जुगाड़ू और अन्य वाहनों से तिगरी धाम पर पहुंचना जारी रहा। गंगा तट रोजाना मेले की रंगत बढ़ती जा रही है। बाजारों में जमकर खरीदारी की जा रही है। भोर से लेकर सूर्यास्त तक श्रद्धालुओं का जमघट गंगा घाट पर लग रहा है। श्रद्घालुओं विधि-विधान से पूजा अर्चना के साथ स्नान कर पुण्य कमा रहे हैं।