तिगरी गंगा में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
तिगरी धाम (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेला श्रीगणेश के दूसरे दिन आस्था के समुद्र ने पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। स्नान घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या इस कदर बढ़ी कि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को गंगा की तरफ जाने से रोका। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर किनारे पर धार्मिक अनुष्ठान कराए। मेले में खरीदारी की। बच्चों ने चांट, पकौड़ी के साथ ही झूले का आनंद लिया।
गंगा किनारे लगे तिगरी गंगा मेले का शनिवार को पूजन के साथ शुभारंभ हो गया। मेले में दूर तक बसे तंबुओं में रह रहे लाखों श्रद्धालुओं ने मेला पूजन के दूसरे दिन रविवार को गंगा में स्नान कर पुण्य कमाया। तड़के से ही स्नान घाट पर उमड़ने लगे श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के उदघोष संग डुबकी लगाई। गंगा मैया के जयकारे लगाए। गंगा किनारे स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या इस कदर उमड़ी कि दूर तक श्रद्धालु ही दिखाई दे रहे थेे। उनकी बढ़ती भीड़ को देख पुलिस बैरिकेडिंग पर मुस्तैद हो गई। पुलिस ने लोगों को स्नान घाट की तरफ जाने से रोकना शुरू कर दिया। इसके बाद भी दोपहर तक श्रद्धालुओं का स्नान करने का सिलसिला जारी रहा। गंगा में स्नान करने के बाद धार्मिक अनुष्ठान कराए।