गजरौला। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत स्कूलों और युवा संगठनों ने रैलियां निकालकर जागरूकता का संदेश दिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के उपक्रम नेहरू युवा केंद्र अमरोहा द्वारा क्षेत्र के गांव खाई खेड़ा खादर में स्वच्छता ही सेवा सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। ब्लॉक समन्वयक मोहित कुमार संधू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र को आगे ले जाने के लिए स्वच्छता ही सेवा के भाव को समझना होगा। स्वच्छ भारत अभियान को एक आंदोलन बनाकर युवाओं को गंभीरता से लेना होगा। गोष्ठी में युवाओं ने 100 घंटे श्रमदान करने की शपथ ली। इस मौके पर प्रदीप, पंकज, माइकल, जगपाल, रोहित आदि मौजूद रहे।
वहीं शिव इंटर कॉलेज की एनसीसी इकाई की ओर से कैडेट्स ने रैली निकाली। रैली का उद्घाटन प्रधानाचार्य सूदन सिंह ने किया। शिवपुरी, मालगोदाम रोड, स्टेशन रोड होते हुए विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान 9वीं यूपी बटालियन की संरक्षिका चंचल कुमारी, 33वीं गर्ल्स बटालियन के गगन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।