अमरोहा। 24 मार्च से शुरू हुईं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार को समाप्त हो गई। पहली पाली में हाईस्कूल गणित और दूसरी में इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र का पेपर हुआ। दोनों कक्षाओं की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय इंटर कालेज में रखवाया गया। परीक्षाएं समाप्त होने के साथ विभाग अब मूल्यांकन की तैयारियों में जुट गया है। हालांकि अभी मूल्यांकन केंद्र निधारित नहीं हुए है।
जनपद में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हुई थीं। इस बीच प्रदेश में कई जनपद में परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग पकड़े गए। मुरादाबाद में एक सॉल्वर गिरोह का पर्दाफाश हुआ था। लेकिन जनपद में सभी विषयों की परीक्षा नकल विहीन समाप्त हुई। हसनपुर के एक कालेज में एक किशोर अपने भाई के स्थान पर पेपर देता पकड़ा गया था। इस क्रम में मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा हुई । इसमें 18,421 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जबकि 16,804 उपस्थित रहे। कुल 1616 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के लिए दूसरी पाली में नागरिक शास्त्र का पेपर हुआ। इस परीक्षा में 1429 विद्यार्थियों में से 1298 उपस्थित रहे। जबकि 131 ने परीक्षा नहीं दी। जीआईसी प्रधानाचार्य दिनेश चिकारा ने बताया कि मंगलवार को दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नकल विहीन समाप्त हुईं। इसके साथ ही यूपी बोर्ड परीक्षा का महाकुंभ समाप्त हो गया है। सभी 76 परीक्षा केंद्रों की समस्त विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं राजकीय इंटर कालेज में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। चौबीस घंटे पुलिस का पहरा रहेगा। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी की जा रही हैं। इसके लिए जनपद में मूल्यांकन केंद्र निधारित किए जाने बाकी हैं। शासन के आदेशानुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।