अमरोहा। टेक्निकल फॉल्ट से सोमवार को कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विकास भवन में पेंशन की जानकारी के लिए आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके चलते कचहरी परिसर में भी कामकाज प्रभावित रहा। उमस भरी गर्मी से लोग बेेहाल हो गए। शाम को बिजली की आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद लोगों को सुकून मिला।
कलक्ट्रेट सब स्टेशन में सोमवार को सुबह नौ बजे टेक्निकल फॉल्ट हो गया। इसके चलते विकास भवन, दीवानी न्यायालय परिसर समेत अन्य इलाकों में बिजली ठप हो गई। बिजली गुल होने से विकास भवन के दफ्तरों में कामकाज ठप हो गया। पंचायती राज, समाज कल्याण विभाग में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पेंशन की जानकारी लेने के लिए आए लोग मायूस हो गए। एसडीओ सुरेंद्र यादव की टीम ने फॉल्ट को दूर करने में जुट गई। दोपहर 12.20 बजे के बाद बिजली की आपूर्ति होने के बाद विधवा पेंशन के बारे में लोगों को जानकारी मिल सकी। वहीं शहर के 99 बिजली घर से जुड़े इलाके में आजाद रोड, टीपी नगर, ठंडी सड़क इलाके में शाम चार बजे बिजली गुल हो गई। इसके चलते बिजली आधारित काम करने वाले लोग हलकान हो गए। शाम साढ़े सात बजे के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद लोगों ने काम काज निपटाया। एसडीओ नरेश कुमार ने बताया कि टेक्निकल फॉल्ट हो गया था। इसके चलते कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।