अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तिथि बढ़ने के बाद बीएलओ मतदाताओं के फॉर्मों में त्रुटि संशोधन के साथ एएसडी सूची का सत्यापन कर रहे हैं। मतदाता इस दौरान अपने नाम, पता, फोटो आदि की त्रुटियों संशोधन करा सकते हैं। 26 दिसंबर के बाद एएसडी सूची से नाम काटने संग नाम जोड़ने आदि की प्रक्रिया शुरू होगी।
जिले की चारों विधानसभा अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई में 14,36,528 मतदाताओं के सापेक्ष फॉर्म फीडिंग का शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसमें 2,74,948 मृत, अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व अन्य मतदाता मिले थे। एएसडी सूची में शामिल अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व अन्य के फॉर्मों का सत्यापन चल रहा है। संबंधित बीएलओ एएसडी सूची का सत्यापन करने संग मतदाताओं के फॉर्मों में हुई त्रुटियों को दुरूस्त कर रहे हैं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम कटने के संबंध में पहले नोटिस जारी किया जाएगा, उसके बाद नाम कटने और जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी।
एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि एएसडी सूची के सत्यापन संग त्रुटियों को भी बीएलओ सही कर रहे हैं। अभी जिन मतदाताओं ने फॉर्म नहीं भरा, अभी समय है फॉर्म भरकर जमा कर दें। बताया कि सत्यापन के बाद अपात्रों का नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया की जाएगी।