गौरीगंज (अमेठी)। जिले में तेजी से शुरू हुए कोरोना टीकाकरण की रफ्तार अचानक थम गई है। गुरुवार को जिले के तीन स्थलों पर ही वैक्सीनेशन हो सका। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि राज्य स्तर से वैक्सीन की पर्याप्त डोज नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह से सप्ताह भर से सेंटरों की संख्या घटा दी गई है।
कोरोना से बचाव के लिए जिले में अब तक तीन लाख 81 हजार 451 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। अभी तक जिले में 170 स्थलों पर प्रति दिन लोगों को वैक्सीन लगाने का काम चल रहा था।
राज्य स्तर से डोज समय पर नहीं मिलने की वजह से कुछ दिन से वैक्सीनेशन स्थलों की संख्या घटा दी गई थी। स्वास्थ्य विभाग किसी तरह हर ब्लॉक क्षेत्र के कुछ स्थलों पर अब तक वैक्सीनेशन का कार्य कराता रहा।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के पास मात्र 410 डोज शेष थे। वैक्सीन की कमी के चलते बृहस्पतिवार को महज जिला अस्पताल तथा जगदीशपुर और संग्रामपुर सीएचसी पर वैक्सीनेशन किया गया। बृहस्पतिवार को जिले में तीन स्थलों के अलावा वैक्सीनेशन का कार्य बंद रहा।
जागरूकता कार्यक्रम के चलते कोरोना की वैक्सीन लगवाने को लेकर सजग हो रहे लेकिन इस अभियान पर डोज की कमी भारी पड़ रही है। जिले में सप्ताह भर से लोग वैक्सीन लगवाने के लिए परेशान हैं।
राज्य स्तर से की गई वैक्सीन की मांग
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि वैक्सीन की डोज उपलब्ध न होने से बृहस्पतिवार को मात्र तीन स्थलों पर ही टीकाकरण कराया गया। राज्य स्तर से जिले के लिए वैक्सीन की मांग की गई है। वैक्सीन की डोज मिलते ही जिले में पूर्व की भांति वैक्सीनेशन कार्य शुरू कराया जाएगा।