जगदीशपुर (अमेठी)। काउंसिलिंग के सातवें चरण के समापन के बाद भी पालीटेक्निक संस्थाओं में संचालित डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं अन्य पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त रह गई हैं। अब सीटों को स्पॉट काउंसिलिंग के माध्यम से भरे जाने का निर्णय लिया गया है।
संजय गांधी पालीटेक्निक जगदीशपुर के प्रधानाचार्य राम रतन ने बताया कि स्पॉट काउंसिलिंग की प्रक्रिया निशुल्क होगी। इसमें संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पालीटेक्निक-2024) में सम्मिलित हुए अभ्यर्थी ही संबंधित ग्रुप के लिए पात्र होंगे। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी समस्त चरण की काउंसिलिंग तक राजकीय, अनुदानित या पीपीपी के साथ निजी क्षेत्र की संस्थाओं में प्रवेश मिल चुका है, वह स्पॉट काउंसिलिंग के लिए अर्ह नहीं होंगे।
बताया कि काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी को 22 अक्तूबर को समस्त जरूरी अभिलेखों सहित संबंधित संस्थान में उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी एक ही संस्था में आवेदन कर सकेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 23 अक्तूबर तक निर्धारित शुल्क जमा कर संबंधित संस्था में प्रवेश लेना होगा। 23 अक्तूबर के बाद कोई भी प्रवेश मान्य नहीं होगा।
पालीटेक्निक की रिक्त सीटों पर स्पॉट काउंसलिंग के लिए तीन सदस्यीय टीम छात्रों का चयन करेगी। जिसमें संस्थान के प्रधानाचार्य अध्यक्ष, वरिष्ठ संकाय सदस्य और डीएम द्वारा नामित सदस्य शामिल होंगे।
रिक्त सीटों का विवरण
संजय गांधी राजकीय पालीटेक्निक में स्पॉट काउंसलिंग के लिए केमिकल टेक्नोलॉजी फर्टिलाइजर, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एक-एक, पेंट टेक्नोलॉजी में 27, प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलॉजी में 17, मैकेनिकल इंजीनियरिंग प्रोडक्शन लेटरल इंट्री की दो सहित कुल 49 सीटें रिक्त हैं। राजकीय पालीटेक्निक बछरांवा रायबरेली की कक्षाएं भी यहीं से संचालित की जाती हैं, जिसमें विभिन्न ट्रेडों की कुल 25 सीटे रिक्त हैं। यहां पर सिविल इंजीनियरिंग में चार, केमिकल इंजीनियरिंग में 11, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में नौ, सिविल इंजीनियरिंग लेटरल इंट्री में एक सीट रिक्त है।