प्रशासन ने कहा- नया आउटब्रेक नहीं
संजय गांधी पीजीआई में स्वाइन फ्लू के साथ कोविड संक्रमण के भी कुछ मामले सामने आए हैं। संस्थान की जांच रिपोर्ट में कई मरीजों में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) और कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। जांच एलाइजा तकनीक से की गई है। हालांकि पीजीआई प्रशासन ने इसे मौसमी संक्रमण बताते हुए किसी नए प्रकोप से इनकार किया है।
पीजीआई की पीआरओ कुसुम यादव ने बताया कि ओपीडी में कुछ मरीज इन्फ्लुएंजा-लाइक इलनेस (आईएलआई) के लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं। अधिकांश मरीजों में संक्रमण के लक्षण हल्के हैं। जांच के दौरान कुछ मरीज एच1एन1 और कोविड से संक्रमित पाए गए हैं। कई मरीज इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और अन्य मरीजों की स्थिति भी सामान्य बताई गई है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों में अन्य बीमारियों के इलाज और वैकल्पिक सर्जरी के लिए भर्ती कुछ मरीजों में भी आईएलआई के लक्षण विकसित हुए। जांच में इनमें से कुछ मरीजों में स्वाइन फ्लू और कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। पीजीआई प्रशासन के अनुसार ये छिटपुट मामले मौजूदा मौसमी इन्फ्लुएंजा सीजन के अनुरूप हैं और इन्हें किसी भी तरह का आउटब्रेक नहीं माना जा सकता।
पीजीआई ने की सावधानी बरतने की अपील
संस्थान प्रशासन ने लोगों से संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर मास्क पहनने की अपील की है। साथ ही हाथों की स्वच्छता बनाए रखने, खांसते और छींकते समय कफ एटिकेट का पालन करने तथा जरूरत पड़ने पर स्वयं को आइसोलेट करने जैसी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। पीजीआई प्रशासन का कहना है कि संस्थान में स्वाइन फ्लू का कोई नया प्रकोप नहीं है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।