अमेठी। दो दिवसीय दौरे गुरुवार को अमेठी पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 4.71 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिन योजनाओं का लोकार्पण हुआ उनमें अमेठी सीएचसी में इमरजेंसी व ओपीडी भवन तथा ताला में डीडीए ऑफिस तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशाला शामिल हैं। स्मृति ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पहले दिन गुरुवार को अमेठी ब्लॉक के श्रीमुकुटनाथ इंटर कॉलेज ताला के खेल मैदान में आयोजित सांसद खेल प्रतिस्पर्धा का शुभारंभ किया। कबड्डी और खो-खो खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आई चांदनी और रजनी से फीता कटवा कर स्मृति ने उद्घाटन करवाया। कहा कि यह खेल प्रतिस्पर्धा न्याय पंचायतवार 22 से 24 नवंबर तक पूरे जिले में आयोजित कराई जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद स्मृति ने 2.99 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप निदेशक कृषि कार्यालय तथा जनपद स्तरीय मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। ताला से निकलकर स्मृति ईरानी अमेठी सीएचसी पहुंचीं। यहां उन्होंने सीएचसी परिसर में एक करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपये की लागत से निर्मित ओपीडी व इमरजेंसी भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया।
मंत्री ने कहा कि अमेठी में कृषि विभाग का कार्यालय तथा जनपद स्तरीय मृदा परीक्षण लैब का निर्माण होने से जनपद के किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित योजनाओं का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमेठी वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में ओपीडी एवं इमरजेंसी ब्लॉक का निर्माण कराया गया है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कहा कि योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम पायदान पर खड़े आमजन तक पहुंच रहा है। इस दौरान डीएम अरुण कुमार, एसपी दिनेश सिंह, सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक अमेठी गरिमा सिंह, जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह, उप निदेशक कृषि सत्येंद्र चौहान, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, बीएसए डॉ. अरविंद पाठक, उपनिदेशक नेहरू युवा केंद्र आराधना राज, जिला क्रीड़ाधिकारी विमला देवी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नहीं बनी बाउंड्रीवॉल
मृदा परीक्षण प्रयोगशाला एवं डीडीए ऑफिस का भवन एवं गैराज तो बन गया है लेकिन बाउंड्रीवॉल नहीं बन सकी है। कार्यदायी संस्था के एई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बाउंड्रीवॉल के लिए राशि शासन की ओर से निर्गत नहीं की गई है। सिर्फ भवन निर्माण के लिए ही धनराशि निर्गत हुई थी।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
इन्हौना (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का गुरुवार को इन्हौना चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, भवानी दत्त दीक्षित, कुंवर अवनेंद्र प्रताप सिंह, राजाराम अवस्थी, पंकज अवस्थी व राहुल पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। (संवाद)
कई कार्यकर्ताओं के घर पहुंचीं स्मृति
जगदीशपुर (अमेठी)। मंत्री स्मृति ईरानी गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम बदलकर सीधे ध्रुवलाल कौशल के घर पहुंच गईं। पिछले दिनों ध्रुवलाल दुर्घटना में घायल हो गए थे। जगदीशपुर से निकलने के बाद पूरे शोहरत स्थित रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से उन्हें रुकना पड़ा। यहां स्मृति वाहन से बाहर आईं और अजय कुमार की दुकान पर चाय पीने के साथ उनका हाल-चाल जाना।
क्रॉसिंग खुलने के बाद वे रानीगंज बाजार स्थित सिकंदर कौशल के घर पहुंची। पिछले दिनों करंट लगने से सिकंदर कौशल के पुत्र शिवा कौशल की मौत हो गई थी। इसके बाद स्मृति मऊ अतवारा गांव निवासी मानधारा सिंह के घर पहुंचीं और हर घर दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। यहां से अमेठी के लिए निकली स्मृति का कार्यकर्ताओं ने कई जगह गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, उपमा सरोज, श्रीराम क्रांतिकारी, दयाशंकर यादव, इं. संजय सिंह, गौरव सिंह, मो. तौसीफ खान, आशुतोष पांडेय, श्रीप्रकाश तिवारी व अतुल तिवारी आदि शामिल रहे।
रामलीला मैदान में बांटा कंबल
अमेठी। शहर के रामलीला मैदान में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में स्मृति ने बड़ी संख्या में असहायों लोगों को कंबल वितरित किया। कार्यक्रम में स्मृति ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेठी में आज तक मृदा परीक्षण प्रयोगशाला नहीं थी। किसानों को मृदा परीक्षण के लिए अयोध्या जाना पड़ता था। कहा कि अब किसानों को मृदा परीक्षण के लिए अयोध्या नहीं जाना पड़ेगा।
वक्ताओं ने मंच से साधा निशाना
अमेठी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोंडा के सांसद बृजभूषण शरण शरण सिंह ने कहा की राम मंदिर गरीबों और जनता के आशीर्वाद से बन रहा है। भाजपा को पहले ब्राह्मण, बनिया और ठाकुर की पार्टी कहा जाता था लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के काम की बदौलत आज देश की सबसे बड़ी पार्टी है।
सांसद संगम लाल गुप्ता ने कांग्रेस व सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी, भ्रष्टाचार व आतंकवाद मुक्त बनाने का जो संकल्प लिया था आज वह पूरा हो रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री लगातार अमेठी का विकास कर रही हैं। कार्यक्रम को राज्यमंत्री सुरेश पासी, विधायक गरिमा सिंह, विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री/एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल (राजाबाबू), पूर्व विधायक तेज भान सिंह तथा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि ने भी संबोधित किया।
यह रहे मौजूद
स्मृति के कार्यक्रम में भादर ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह पप्पू, घनश्याम चौरसिया, सुधांशु शुक्ल, रश्मि सिंह, सुल्तानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, शिव कुमार सिंह, काशी प्रसाद तिवारी, अंजनी सिंह डब्बू, एड. सत्येंद्र तिवारी, अजय तिवारी व देव प्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।
ताला में बनेगा मिनी स्टेडियम
अमेठी। स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत ताला स्थित श्रीमुकुट नाथ इंटर कॉलेज के पीछे मैदान में हो रही सांसद खेल प्रतिस्पर्धा का उद्घाटन करने के बाद ग्राम प्रधान मनोज कुमार शुक्ल की मांग पर स्मृति ने ताला स्थित खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।
फरियादियों की रही भीड़
सांसद खेल प्रतिस्पर्धा खेल मैदान, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला तथा रामलीला मैदान में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने सांसद को शिकायती पत्र दिया। ताला खेल ग्राउंड परिसर में दिव्यांग दिनेश ने अपने इलाज और ट्राई साइकिल के लिए पहुंचा तो सांसद ने जमीन पर बैठकर उसकी बात सुनी और तत्काल अधिकारियों को बुलाया। निशक्त दिनेश को कुर्सी पर बैठाकर गाड़ी से अस्पताल पहुंचवाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बच्चों और कर्मचारियों ने ली सेल्फी
खेल प्रतियोगिता, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला और सीएचसी भवन उद्घाटन के दौरान बच्चों और कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी ली और फोटो खिंचाई। स्मृति के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। स्मृति ने भी किसी को निराश नहीं किया।
पद्मश्री से सम्मानित सुधा के घर पहुंचीं स्मृति
भेटुआ (अमेठी)। रामलीला मैदान से निकल स्मृति भेटुआ ब्लॉक के गांव भीमी पहुंचीं। यहां उन्होंने पद्मश्री से सम्मानित एथलीट सुधा सिंह के घर पहुंचीं। स्मृति ने सुधा को माला पहना तथा पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। स्मृति ने कहा कि सुधा पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल हैं। इनकी प्रेरणा से गांव समेत आसपास की प्रतिभाओं में निखार आएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने सुधा को दो लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भेटुआ क्रय केंद्र पर धान खरीद नहीं होने की शिकायत की तो स्मृति ने डीएम को तत्काल खरीद शुरू कराने का निर्देश दिया।
49 : अमेठी : कस्बे में आयोजित जनसभा को संबोधित करतीं केंद्रीय मंत्री। -संवाद- फोटो : AMETHI