जामो : रोते बिलखते शमद के परिवारीजन। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय थानाक्षेत्र से गुजरने वाले शारदा सहायक खंड 49 की पटरी पर गुरौली तिवारी पुरवा के पास बेकाबू वाहन ने शुक्रवार देर रात बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित करते हुए दूसरे को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। एक साथ दो युवकों की मौत से उनके परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
जामो थानाक्षेत्र के सूरतगंज मजरे मूंघी गांव निवासी मो. शमद (21) व तौफीक (20) बाइक से जामो बाजार से शुक्रवार देर शाम घर वापस जा रहे थे। दोनों जैसे ही शारदा सहायक खंड 49 नहर की पटरी पर पूरे गुरौली तिवारी का पुरवा के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने मो. शमद को मृत घोषित करते हुए तौफीक की हालात नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
परिवारीजन तौफीक को लेकर ट्रॉमा सेंटर जा रहे थे कि रास्ते में तौफीक की भी मौत हो गई। तौफीक की मौत के बाद परिजन शव को लेकर थाने आ गए। थाने में परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज कराया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने मो. शमद व तौफीक का शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम कराने के साथ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मो. शमद व तौफीक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीण दुर्घटना में एक साथ हुई दो युवकों की मौत की सूचना से हतप्रभ हैं। उपनिरीक्षक पारसनाथ यादव ने केस दर्ज करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।
अविवाहित थे दोनों युवक
शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में मृत दोनों युवक अविवाहित थे। मृतक तौफीक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। तौफीक की मौत के बाद मां शरीफुल व भाई बाबू तथा तौकीर का रो-रोकर बुरा हाल है। तौफीक पर ही अपने परिवार को संभालने की जिम्मेदारी थी। मृतक शमद परिवार का छोटा पुत्र था। शमद की मौत के बाद मो. शाहजहां व बड़े भाई अहमद घटना से हतप्रभ हैं।