01 : गौरीगंज : थाने के सामने धरने पर बैठा पीड़ित परिवार। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। पैतृक भूमि पर आवास निर्माण के दौरान गांव के कुछ लोगों की ओर से बाधा पहुंचाने तथा सुनवाई नहीं होने से परेशान परिवार ने बृहस्पतिवार को थाने के सामने धरना दिया। परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर परेशान करने के लिए फर्जी एससीएसटी एक्ट का केस दर्ज कराने तथा मकान नहीं बनाने देने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर मकान निर्माण कराने की मांग की।
पूरबगांव मजरे इटौजा पश्चिम गांव निवासी प्रेमा देवी को प्रधानमंत्री आवास आवंटित हुआ है। आवास आवंटन के बाद प्रेमा ने बरसात में गिर चुके पैतृक मकान की भूमि पर आवास निर्माण शुरू किया। निर्माण शुरू होते ही गांव के कुछ लोग बाधा उत्पन्न करने लगे। इससे परेशान प्रेमा ने पूरे मामले की शिकायत डीएम, एसपी के साथ अन्य अफसरों से की।
शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बृहस्पतिवार को प्रेमा देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ थाने के सामने धरने पर बैठ गईं। अनशन पर बैठीं प्रेमा देवी ने गांव के कुछ लोगों पर परेशान करने की नियत से एससीएसटी एक्ट में केस दर्ज कराने तथा मकान निर्माण में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है।
प्रेमा देवी ने मकान निर्माण के दौरान जबरन मार-पीट पर आमदा होकर केस दर्ज कराने की कोशिश निजात दिलाने की मांग की। प्रेमा ने अफसरों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष कराते हुए मकान निर्माण की बाधा समाप्त कराने की मांग की है। प्रेमा देवी ने मांगें पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। धरने में प्रेमा देवी के साथ रामकुमार, दिनेश, शिवकुमार, राजेश, सुनीता व अनीता समेत परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।