गौरीगंज : एनआईसी में मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी का रेंडमाइजेशन करते डीएम। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। मतदान के बाद मतगणना कार्य को सकुशल संपन्न कराने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डीएम व सीडीओ के साथ ही मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।
10 मार्च को होने वाली मतगणना में कुल 304 कार्मिक लगाए गए हैं। सभी कार्मिकों को मतगणना कार्य के लिए बुधवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र तथा सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर की मौजूदगी में प्रशिक्षित किया गया। सीडीओ ने बताया कि मतगणना के लिए प्रति विधानसभा 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। इसके अलावा एक टेबल रिटर्निंग ऑफिसर, एक टेबल सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तथा तीन टेबल रिजर्व रखी जाएंगी।
प्रति टेबल चार मतगणना कार्मिक होंगे। जिनमें से एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना माइक्रोऑब्जर्वर, एक मतगणना सहायक तथा एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि उपरोक्त मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण पांच व नौ मार्च को दिया जाएगा। इस दौरान एनआईसी में डीडीओ तेजभान सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट फाल्गुनी सिंह, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिशिर सक्सेना सहित अन्य संबंधित अफसर मौजूद रहे।