संग्रामपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी रेल पथ के ठेंगहा रेलवे क्रॉसिंग संख्या-96 सी व बदलापुर क्रासिंग संख्या-97 सी पर सोमवार को ठेंगहा-कुटीवा संपर्क मार्ग व विशेषरगंज-कसारा-ठेंगहा संपर्क मार्ग पर दिन भर रोड ब्लॉक रहा।
दोनों रोड ब्लॉक होने से करीब तीन दर्जन गांव के लोगों को आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा। वहीं राहगीरों को करीब आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। एक साथ आसपास की दोनों क्रॉसिंग पर सड़क निर्माण के चलते राहगीर दिन भर परेशान रहे।
रेलवे की ओर से लखनऊ-वाराणसी रेल पथ पर रेलवे लाइन दोहरीकरण के साथ उच्चीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को लखनऊ-वाराणसी रेल पथ के ठेंगहा रेलवे क्रॉसिंग संख्या-96 सी व बदलापुर क्रॉसिंग संख्या-97 सी पर दिन भर रोड ब्लॉक रहा। रोड ब्लॉक लेकर क्रासिंग के आसपास मरम्मत करके गिट्टी डालने के बाद रेलवे लाइन के बीच व क्रॉसिंग पर नई सड़क का निर्माण कराया गया।
इस दौरान ठेंगहा-कुटीवा संपर्क मार्ग व ठेंगहा-कसारा-विशेषरगंज संपर्क मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। दोनों क्रॉसिंग के रोड ब्लॉक से आसपास के कसारा, खुशियाल तिवारी का पुरवा, चकरधनपुर, उसरहन, सोनारी, बेलखरी, पूरे हरिवंश, शुकुलपुर, बगिया, अमिलहना, पतापुर, भौसिंहपुर, टिकरिया, शंकरपुर व कुटीवा समेत करीब 25 गांवों के लोगों को अमेठी-प्रतापगढ़ संपर्क मार्ग तक आने जाने के लिए संग्रामपुर-अमेठी संपर्क मार्ग व संग्रामपुर से सहजीपुर की ओर से वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा।
इससे ग्रामीणों को करीब आठ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। सप्ताह के दिन सोमवार को इन दोनों संपर्क मार्गों पर आवाजाही अधिक रहती है। संग्रामपुर स्थित मां कालिकन धाम में सोमवार को मेला लगता है। सोमवार को आसपास के गांवों व अन्य जगहों से अधिक संख्या में भक्त दर्शन करने आते हैं। दोनों क्रासिंग पर ब्लॉक होने से श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानी हुई और अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। ट्रैक दुरुस्त कराने के रेलवे के कई अधिकारी भी मौके पर अधिकारी मौजूद रहे।