मुसाफिरखाना/अमेठी। बीते 24 घंटे मे अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत हो गई। एक शव की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, दो अन्य घायल हो गए। पहली घटना मुसाफिरखाना थानाक्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित धरौली मोड़ के पास हुई। शुक्रवार रात अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। रात में कोहरा व धुंध होने के कारण काफी देर तक वाहन शव से गुजरते रहे। काफी देर बाद किसी ने हाईवे पर शव देख मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस शव को हाईवे से हटाने के बाद पहचान कराने की कोशिश में जुटी है।
दूसरी दुर्घटना हाईवे पर पूरे प्रेमशाह स्थित पावर हाउस के पास हुई। रामपुर लोकराय मजरे मठा भुसंडा गांव निवासी शिवदास (65) शनिवार दोपहर बाद हाईवे पार कर रहे थे कि इसी बीच अज्ञात वाहन टक्कर मार दी। घायल शिवदास को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवदास को मृत घोषित कर दिया। शिवदास की मौत की सूचना के बाद पत्नी के बाद लखराजी, पुत्र धर्मराज, कर्मराज, धुव्रराज व हंसराज समेत अन्य परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल है।
तीसरी घटना में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव जरौली बड़गांव निवासी विनोद पाल (34) शुक्रवार की देर शाम साइकिल से घर जा रहा था। गांव से पहले घने कोहरे के बीच अज्ञात वाहन ने विनोद की साइकिल में टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
फुरसतगंज में शुक्रवार देर रात रायबरेली सुल्तानपुर राज्य मार्ग पर निगोहा गांव के पास दो डंपर आमने सामने टकरा गए। इसमें एक डंपर का चालक सुधीर यादव घायल हो गए। उन्हें रायबरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य हादसे में पत्नी रेशमा के साथ फुरसतगंज बाजार आ रहे थाना नसीराबाद ग्राम उदापुर के निवासी नईम की बाइक बक्शी के पुरवा के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई। जिससे बाइक पर पर बैठी रेशमा नीचे गिरकर घायल हो गई।