अमेठी सिटी। जलभराव की परेशानी का सामना करने वाले दादरा ग्राम पंचायत के लोगों की परेशानी जिला पंचायत के 15वें वित्त आयोग से दूर होगी। लोगाें की परेशानी को दूर करने के लिए गांव में नाला निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए जिला पंचायत ने कार्यदायी संस्था का भी चयन कर लिया है।
मुसाफिरखाना के दादरा में जलभराव और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होने के साथ इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए गत दिनों जिला पंचायत की बैठक में नाला निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था। इसके बाद जिला पंचायत की ओर से सर्वे करवाते हुए निर्माण का अनुमानित आगणन तैयार करवाया गया। उसी के आधार पर शासन से 12.69 लाख रुपये की मांग करते हुए प्रस्ताव भेजा।
जिला पंचायत के 15वें वित्त वित्त के टाइड फंड से आशीष सिंह के घर के सामने से उत्तर तरफ नाले तक इस नए नाले के निर्माण को शासन ने मंजूर करते हुए धनराशि भी जारी कर दी। जिला पंचायत ने निविदा के माध्यम से कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया। नामित कार्यदायी संस्था को तीन माह में प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य मानक के अनुसार पूरा करने काे कहा गया है।
अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से 15 वित्त आयोग की धनराशि से दादरा गांव में नाला निर्माण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नामित संस्था का मानक के अनुसार कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है। कार्य के निगरानी की भी व्यवस्था बनाई गई है। तीन माह में मानक के अनुसार नाला निर्माण कार्य पूरा करवा लोगों की परेशानी से निजात दिलाई जाएगी।