अमेठी सिटी। डीएपी संकट के बीच किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिले में डीएपी की पहली रैक सोमवार की शाम करीब छह बजे गौरीगंज पहुंच गई है। जहां से यूपीपीसीएफ के माध्यम से उसे जिले के 76 वितरण केंद्रों पर पहुंचाया जा रहा है।
जिले में डीएपी की रैक पहुंचते ही उसके वितरण के लिए जिला स्तर पर तैयारी की जा रही है। जिसके लिए सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट में कृषि, सहकारिता, राजस्व, शिक्षा विभाग आदि से जुड़े आधिकारियों की बैठक की गई। जिसमें सभी 76 वितरण केंद्रों के लिए प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की जा रही है। प्रभारी अधिकारी की उपस्थिति में किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा। जिसमें डीएपी की 915 मैट्रिक टन खाद यानी करीब 18306 बैग उपलब्ध हो गए हैं।
इसी तरह 446.25 मैट्रिक टन एनपीकेएस भी रैक में शामिल है। जिसके वितरण के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त मित्रसेन वर्मा ने बताया कि जिन केंद्रों पर डीएपी पहुंच जाएगी, वहां वितरण कार्य मंगलवार को शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए किसान को मौके पर आधार कार्ड व जोतबही लेकर जाना होगा। जिसमें खतौनी के मानक पर वितरण किया जाएगा।