अमेठी/भेटुआ। कोतवाली क्षेत्र के पिंडोरिया गांव के किनारे से निकले उज्जैनी ड्रेन में बुधवार दोपहर करीब एक बजे नहाते समय डूबे युवक का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। पुलिस व फायर कर्मी गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश में जुटे हैं।
थाना क्षेत्र मुंशीगंज के बसुआपुर मजरे सरायखेमा निवासी मोहन कोरी अपने परिवार के साथ पिंडोरिया स्थित नीलम ईट भठ्ठा पर मजदूरी करते हैं। बुधवार दोपहर करीब एक बजे मोहन का पुत्र दीपक कोरी (20), कृष्णा (17) व एक अन्य किशोर पिंडोरिया गांव स्थित उज्जैनी ड्रेन में नहाने गए थे।
नहाते समय दीपक डे्रन के पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर व फायर ब्रिगेड की टीम बुधवार देर शाम तक कांटा व जाल डालकर लापता दीपक की तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह से ही पुलिस, फायरकर्मी और ग्रामीण ड्रेन में दीपक की तलाश में लगे रहे।
एसएचओ ने दोपहर बाद मुसाफिरखाना से छह गोताखोरों की टीम को बुलवा कर छानबीन शुरू कराई। उपनिरीक्षक विधानचंद्र यादव की निगरानी में गोताखोरों की मदद से लापता दीपक की तलाश ड्रेन के पानी में करीब एक किलोमीटर से अधिक दूर तक की गई। देर शाम तक गोताखोरों द्वारा तलाश जारी रही लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है।